जमीन पर अवैध कब्जा कर फर्जी पट्टे जारी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

जयपुर। थाना जामडोली पुलिस ने जमीन पर अवैध कब्जा कर फर्जी पट्टे जारी करने और भूखंड बेचने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ग्राम मालपुरा डूंगर, पटवार हल्का सुमेल में काश्तकार पारस कुमार शर्मा की करीब 32 बीघा जमीन पर कब्जा कर बन्धू गृह निर्माण सहकारी समिति लिमिटेड के नाम से 508 फर्जी पट्टे जारी कर कई लोगों को भूखंड बेच दिए थे।

डीसीपी जयपुर पूर्व संजीव मैन ने बताया कि पुलिस ने मामले में अनुसंधान करते हुए भगवान सहाय निठारवाल (40) निवासी महापुरा अजमेर रोड और नच्छूराम मीणा (52) निवासी सुमेल को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से अब तक 4 लाख रुपये बरामद किए गए हैं।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 1997-98 के पुराने फर्जी पट्टों को वर्ष 2022 में बेच दिया और लोगों से लाखों रुपये वसूल लिए। आपत्ति आने पर उन्होंने असली पट्टे वापस ले लिए और न तो नए पट्टे दिए, न ही पैसे लौटाए।

पुलिस के अनुसार, गिरोह लंबे समय से खाली पड़ी जमीनों की पहचान कर फर्जी दस्तावेज और पट्टे बनाकर लोगों को भूखंड बेचने का काम करता था।
फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं और अन्य साथियों की तलाश जारी है।