झपटा मारकर मोबाइल छीनने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, दो स्मार्टफोन बरामद

जयपुर

रिपोर्टर जावेद गोरी

जयपुर, 30 नवम्बर 2025।
जयपुर पुलिस कोतवाली थाना टीम ने मोबाइल छीनने की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। दोनों आरोपी नशे के आदी हैं, जो नशे का खर्च निकालने के लिए राह चलते लोगों से मोबाइल छीनकर फरार हो जाते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से दो चोरी हुए स्मार्टफोन भी बरामद किए हैं।

आईपीएस श्री करण शर्मा, पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर ने बताया कि महानगर में बढ़ती चोरी व छीना-झपटी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त उत्तर-II श्री बजरंग सिंह शेखावत और एसीपी कोतवाली श्री राजेन्द्र कुमार मीना के निर्देशन में थानाधिकारी महावीर सिंह यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने अभियोग संख्या 273/2025 धारा 304(2) BNS में दर्ज मोबाइल छीना-झपटी प्रकरण की पतारसी हेतु 70 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। परम्परागत पुलिसिंग, आसूचना तंत्र और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान और लोकेशन का पता लगाया गया। गहन खोजबीन के बाद पुलिस ने आरोपियों को धर-दबोचा और वारदात में छीने गए दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए।

गिरफ्तार अभियुक्त

  1. अन्नु उर्फ मोहम्मद शादाब, उम्र 22 वर्ष, निवासी एम.आई. रोड थाना जालूपुरा, जयपुर
  2. युसुफ उर्फ सोनू, उम्र 25 वर्ष, निवासी थाना गलता गेट क्षेत्र, हाल खानाबदोश, रामनिवास बाग फुटपाथ

दोनों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ जारी है, जिससे शहर में हुई कई और घटनाओं के खुलासे की उम्मीद है।

टीम के सदस्य

महावीर सिंह यादव, SHO कोतवाली

गोविन्द सिंह, स.उ.नि.

सोनू सिंह (कानि. 7840)

दीपक कुमार (कानि. 9008)

रामकेश (कानि. 9398)

कैलाश चंद (कानि. 10756)

विशेष भूमिका
कानि. दीपक कुमार (9008) और कानि. रामकेश (9398) ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में विशेष भूमिका निभाई।

पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल चोरी व झपटमारी की वारदातों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।