LATEST NEWS

MARUDHARHIND NEWS

उदयपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 324 अपराधियों को किया गया गिरफ्तार

  • एरिया डोमिनेंस अभियान के तहत 115 से अधिक टीमों ने दी 780 से ज्यादा स्थानों पर दबिश

जयपुर 23 अगस्त। उदयपुर पुलिस ने जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए एक बड़ा अभियान चलाया है, जिसके तहत 324 अपराधियों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव और जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर शनिवार 23 अगस्त कोअलसुबह की गई।
इस विशेष अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा, गोपाल स्वरूप मेवाड़ा और अजंना सुखवाल के सुपरविजन में 115 से अधिक टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों में 510 से ज्यादा पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे, जिन्होंने जिले में 780 से अधिक स्थानों पर एक साथ दबिश दी।
गिरफ्तार किए गए 324 अभियुक्तों में से 7 ऐसे थे जो हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, और डकैती जैसे जघन्य अपराधों में वांछित थे। इसके अलावा, 54 स्थायी/गिरफ्तारी वारंटी और 23 सामान्य मामलों में वांछित अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने निरोधात्मक कार्रवाई के तहत 228 व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया है।
अभियान के दौरान पुलिस ने आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत 17 नए मामले दर्ज किए और 12 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। टीमों ने 32 हिस्ट्रीशीटरों के घर पर भी दबिश देकर उनसे पूछताछ की।
एसपी गोयल ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि वे अपराध और अपराधियों के बारे में पुलिस को जानकारी दें और उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
————-