ट

जयपुर, दिनांक 29.09.25, सोमवार। एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी चौकी भरतपुर इकाई द्वारा आज कार्यवाही करते हुए पुलिस थाना भुसावर में पदस्थापित उदयसिंह सहायक उप निरीक्षक को ग्राम झामरी पुलिस थाना बयाना जिला भरतपुर में परिवादी के रिश्तेदार के घर पर 40,000 रूपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि एसीबी चौकी भरतपुर को एक शिकायत इस आशय की मिली कि परिवादी व परिवादी के परिवारजनों की जमीन के विवाद के कारण एसडीएम भुसावर द्वारा जमीन को राज्य सरकार के अधीन लेने के लिए पुलिस थाना भुसावर से रिपोर्ट चाही गई थी। आरोपी उदयसिंह सहायक उप निरीक्षक उक्त रिपोर्ट को परिवादी के पक्ष में तैयार कर देने की एवज में 40,000 रूपये रिश्वत की मांग कर परेशान कर रहा है।
जिस पर एसीबी रेंज भरतपुर के उप महानिरीक्षक श्री राजेश सिंह के सुपरविजन में एसीबी चौकी भरतपुर के श्री अमित सिंह अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में आज ट्रेप कार्यवाही करते हुए आरोपी पुलिस थाना भुसावर में पदस्थापित उदयसिंह सहायक उप निरीक्षक को ग्राम झामरी पुलिस थाना बयाना जिला भरतपुर को परिवादी के रिश्तेदार के घर पर 40,000 रूपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकडा गया है।
आरोपी से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।