MARUDHARHIND NEWS

विद्याधर नगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई — महिला की हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

जयपुर। थाना विद्याधर नगर पुलिस ने 48 घंटे में महिला की हत्या का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।

डीसीपी जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि 3-4 अक्टूबर की रात स्वर्ण जयंती पार्क के पास सरस डेयरी के पीछे एक महिला की अर्द्धनग्न लाश मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। महिला की पहचान नहीं हो सकी थी, जो घटना से कुछ दिन पहले इलाके में लावारिस हालत में घूमती दिखाई दी थी।

एफएसएल और डॉग स्क्वाड की टीमों ने मौके से साक्ष्य जुटाए और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपी सुरेश नायक उर्फ पावणा (44) निवासी जमवारामगढ़, हाल अमानीशाह दरगाह के पास, ने महिला को अनैतिक काम करने की नीयत से पास बुलाया, विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी और लाश को सरस डेयरी के पास फेंककर फरार हो गया।

टीम ने कड़ी मेहनत से आरोपी की पहचान कर 6 अक्टूबर को उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ जारी है।

मृतका की शिनाख्त जारी — पुलिस की अपील
मृतका की उम्र लगभग 40 वर्ष है। दाहिने हाथ पर “maa” लिखा टैटू और बेल का चिन्ह बना है, बाएं हाथ पर “ईशू” व महिला की तस्वीर का टैटू, गले और कंधे के पीछे भी टैटू बने हैं। बाल घुँघराले और शरीर दुबला-पतला है।
जिस किसी को महिला की पहचान के बारे में जानकारी हो, वह पुलिस थाना विद्याधर नगर या नजदीकी थाने से संपर्क करे।

गिरफ्तारी टीम:
थानाधिकारी नरेंद्र खीचड़, उप निरीक्षक हरिराम, उप निरीक्षक शोभा, एएसआई हनुमान सहाय, अर्जुनलाल, हेड कॉन्स्टेबल अशोक कुमार, कॉन्स्टेबल मुकेश, हंसराज, श्यामलाल, मनीष, दिनेश, महेश, महिपाल, प्रदीप।