LATEST NEWS

MARUDHARHIND NEWS

नीमराना में तिलहन उत्पादन बढ़ाने पर कार्यशाला, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी

मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद्र) नीमराना, राजस्थान में पंजाब नेशनल बैंक कृषि प्रशिक्षण केंद्र में नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल (तिलहन) योजना के तहत शुक्रवार को ब्लॉक स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।

तिलहन उत्पादन बढ़ाने के उपायों की जानकारी

कार्यशाला में सहायक निदेशक कृषि (विस्तार) बहरोड़ राकेश कुमार यादव ने एनएमईओ-ओएस योजना के अंतर्गत तिलहन उत्पादन बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी। सहायक कृषि अधिकारी माजरीकलां डॉ. हनुमान प्रसाद ने फार्मपॉन्ड, तारबंदी, पाइपलाइन, कृषि यंत्र, गोवर्धन जैविक उर्वरक सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की।

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की विशेषताएं

राकेश कुमार ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। सहायक कृषि अधिकारी सिलारपुर नरसी लाल यादव ने किसानों को डीएपी खाद के विकल्प के रूप में “3 बैग एसएसपी + 1 बैग यूरिया” उपयोग करने की सलाह दी।

प्राकृतिक खेती के महत्व की जानकारी

सहायक कृषि अधिकारी विद्याकुमारी ने प्राकृतिक खेती के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान किसानों को भगवान बिरसा मुंडा की जीवनी से प्रेरणा लेते हुए जनजातीय गौरव वर्ष 2025 की जानकारी दी गई।इस अवसर पर वरिष्ठ सहायक कृषि अधिकारी अर्चना सिरोहीवाल,संजय कुमार, ज्योति यादव, बाबूलाल जाट, नरसी लाल, सुनील कुमार, करिश्मा यादव, संजू यादव, सुमित सहित अनेक किसान उपस्थित रहे।