
जयपुर। पुलिस थाना सांगानेर जयपुर पूर्व ने तत्परता दिखाते हुए अपहरण के एक गंभीर मामले का कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने अपहृत युवक मानवेन्द्र सिंह को सकुशल अपहरणकर्ताओं के चंगुल से मुक्त कराया और अपहरण में शामिल 7 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व श्री संजीव नैन आईपीएस ने बताया कि 11 जनवरी 2026 को परिवादी हरदेश सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पुत्र मानवेन्द्र सिंह मानसरोवर लौटते समय अज्ञात लोगों द्वारा जबरन कार से उतारकर अपहरण कर लिया गया। अपहरणकर्ताओं ने परिजनों से फोन के जरिए फिरौती की मांग की और जान से मारने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री आलोक सिंघल व सहायक पुलिस आयुक्त श्री हरि शंकर शर्मा के निर्देशन में थाना सांगानेर की विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों व फोन-पे ट्रांजेक्शन के आधार पर पुलिस ने अपहरणकर्ताओं की लोकेशन ट्रेस की।
पुलिस टीम ने वाटिका क्षेत्र के पास रिंग रोड पर कार्रवाई करते हुए ओरा कार को घेराबंदी कर पकड़ा, जिसमें अपहृत मानवेन्द्र सिंह बदहवास हालत में मौजूद मिला। पुलिस ने मौके से सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के कब्जे से अपहृत का मोबाइल, 7 अन्य मोबाइल फोन तथा अपहरण में प्रयुक्त ओरा कार को जब्त किया गया। अपहृत मानवेन्द्र सिंह पेशे से वकील है।
पूरे ऑपरेशन में थाना सांगानेर पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी शाखा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।