जयपुर

जयपुर। करधनी थाना पुलिस ने मेटल फैक्ट्री में मजदूर की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है।
20 सितम्बर की रात देव मेटल कम्पनी, सरना डूंगर रीको एरिया में काम करने वाले मजदूर रवि कुमार की साथी मजदूर आशीष और हरिशंकर ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गये थे।
डीसीपी जयपुर पश्चिम हनुमान प्रसाद ने बताया कि घटना के बाद एसीपी ओटवाला सुरेन्द्र सिंह राणावत के सुपरविजन और थानाधिकारी करधनी सवाई सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, रूट मैप और दबिशों के आधार पर आरोपी हरिशंकर कुशवाह (20) निवासी महुबा, यूपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक रवि कुमार आरोपी हरिशंकर की बहन का नाम उसके साथी आशीष के साथ जोड़कर फैक्ट्री में बदनाम करता था। इसी रंजिश में आशीष और हरिशंकर ने मिलकर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
मुख्य आरोपी आशीष की तलाश जारी है।
गिरफ्तारी में थानाधिकारी करधनी सवाई सिंह, पु.नि. राजपाल, सउनि भूपेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक चन्द्रमान, हेडकांस्टेबल ख्यालीराम, अमित सिंह, दिलीप सिंह, अजेन्द्र सिंह, आनि बाबूलाल, कांस्टेबल गजानन्द, गुलजारी व राम सिंह की भूमिका अहम रही।