

जयपुर।
थाना माणकचौक जयपुर उत्तर क्षेत्र में 29 सितम्बर की रात करीब 7.40 बजे एक ज्वैलरी शॉप पर चार बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। बदमाश ग्राहक बनकर दुकान पर आए और चांदी का सामान दिखाने के बहाने दुकानदार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। दुकानदार व आसपास के लोगों के विरोध करने पर आरोपी वारदात में सफल नहीं हो पाए और मौके से भाग निकले।
इस मामले में थाना माणकचौक पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा आईपीएस ने बताया कि घटना के तुरंत बाद गठित टीम ने 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिरों से सूचना जुटाई और महज एक घंटे में आरोपियों की पहचान कर ली। अलग-अलग टीमों ने दबिश देकर चारों आरोपियों को पकड़ लिया।
भागते समय पुलिस से बचने के प्रयास में आरोपी ऊंचाई से कूदकर घायल हो गए जिन्हें एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू और वाहन भी बरामद कर लिए हैं।
गिरफ्तार आरोपी
- मुईनुद्दीन पुत्र इस्लामुद्दीन, 35 वर्ष, निवासी रामगंज बाजार, थाना रामगंज जयपुर।
- इकराम पुत्र अहमद खां, 41 वर्ष, निवासी जयसिंहपुरा खोर
- अफसार उर्फ आधा किलो पुत्र अशफाक, 30 वर्ष, निवासी इमाम चौक थाना गलतागेट, हाल निवासी जयसिंहपुरा खोर। (हिस्ट्रीशीटर)
- अयाज पुत्र रियाज अहमद, 30 वर्ष, निवासी घाटगेट, हाल निवासी नागोरियान।
आरोपी पहले ग्राहक बनकर ज्वैलरी शॉप पर जाते थे। जब दुकानदार भारी मात्रा में ज्वैलरी दिखाता तो वे अचानक हथियार निकालकर लूट की कोशिश करते और विरोध करने पर जानलेवा हमला कर देते।
इस कार्रवाई में थाना माणकचौक थानाधिकारी राकेश ख्यालिया सहित पुलिस उत्तर की कई टीमों का अहम योगदान रहा।
डीसीपी करण शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी हैं। इनके खिलाफ चोरी, लूट, मारपीट, आर्म्स एक्ट व हत्या के प्रयास जैसे कई मुकदमे दर्ज हैं। एक आरोपी अफसार उर्फ आधा किलो थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है।