

जयपुर।
जयपुर पूर्व जिला पुलिस ने अपहरण और लूट की दो बड़ी वारदातों का पर्दाफाश करते हुए सात बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व श्री संजीव नैन (IPS) ने बताया कि जिले में बढ़ती अपहरण व लूट की घटनाओं की रोकथाम और अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री आशाराम चौधरी के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त मालवीयनगर श्री आदित्य पुनिया के सुपरविजन में थाना जवाहर सर्किल के थानाधिकारी श्री आशुतोष सिंह व उपनिरीक्षक श्री श्यामप्रकाश के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
पहली घटना – खुमान सिंह का अपहरण और फिरौती
दिनांक 1 नवम्बर 2025 की रात को चार अज्ञात बदमाशों ने प्रेम नगर, जगतपुरा निवासी खुमान सिंह का अपहरण कर नैनवा- बूंदी इलाके में ले जाकर मारपीट की।
बदमाशों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए ₹48,000 की राशि उसके फोनपे से जबरन ट्रांसफर करवाई और सुबह बस स्टैंड पर छोड़कर फरार हो गए।
इस पर थाना जवाहर सर्किल में प्रकरण संख्या 580/25 धारा 115(2),126(2),140(3),300(8),3(5) BNS में मामला दर्ज हुआ
दूसरी घटना – एयरपोर्ट से घर लौट रहे युवक का अपहरण
दूसरी वारदात 6 नवम्बर 2025 को हुई, जब जगदीश सिंह (निवासी बाड़मेर, हाल दूदू) जयपुर एयरपोर्ट से घर लौट रहे थे।
ओला बाइक से उतरते ही उन्हें एक कार सवार युवकों ने झांसे में लेकर गाड़ी में बैठाया और बाद में आंखों पर पट्टी बांधकर अपहरण कर लिया।
बदमाशों ने ₹1.50 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए, उसके एटीएम कार्ड, मोबाइल व जेवरात लूट लिए और सुबह चाकसू के पास छोड़कर फरार हो गए।
इस पर प्रकरण संख्या 588/25 धारा 115(2),128(2),140(3),300(8),3(5),61(2) BNS में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी
घटनाओं के बाद गठित टीम ने दोनों मामलों में समान अपराधियों की संलिप्तता पाई।
सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपियों को दबोच लिया।
पहले मामले में गिरफ्तार आरोपी —
शाहरूख खान उर्फ नानिया, नितिनपुरी, सलीम शहजाद, गोविन्द बडियार और हर्षित नायक हैं।
दूसरे मामले में मुख्य आरोपी शशिकांत को गिरफ्तार किया गया, जिसने पूछताछ में पहले अपहरण में भी शामिल होना कबूल किया।
सभी सात आरोपी अब न्यायिक अभिरक्षा व पुलिस रिमांड पर हैं।
मुख्य आरोपी शाहरूख खान हाल ही में जेल से रिहा हुआ था और सभी अभियुक्तों के खिलाफ पूर्व में कई प्रकरण दर्ज हैं।
थानाधिकारी आशुतोष सिंह, उ.नि. श्यामप्रकाश, एएसआई रामराज, कानि. राजेश कुमार, लोकेन्द्र सिंह, हरिओम, हरि पंवार, मुकेश कुमार, आशीष कुमार, आदि का विशेष योगदान रहा।
DCP जयपुर पूर्व ने दी बधाई
डीसीपी श्री संजीव नैन (IPS) ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की त्वरित व प्रभावी कार्रवाई से अपराधियों में भय व आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ी है।