
मरुधर हिंदन्यूज (रमेशचंद्र) नीमराना उपखंड के शाहजहांपुर थाना पुलिस ने फौलादपुर सीमा में मोबाइल टावर में आगजनी की सनसनीखेज घटना के मुख्य दोनों आरोपियों को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी आगजनी की वारदात को अंजाम देकर थाईलैंड भाग गए थे और वहीं से अपने साथियों को दुबारा टावर में आग लगाने के लिए उकसाया था। थाना प्रभारी मनोहरलाल मीणा ने बताया कि झुंझुनू जिले के मुकुंदगढ़ थाना क्षेत्र के बलरिया निवासी दिलीप सिंह शेखावत पुत्र अजीत सिंह और बबाई निवासी राकेश देवा पुत्र दयाराम को कंपनी से हटाए जाने की रंजिश और वर्चस्व कायम करने की चाह में घटना को अंजाम दिया। दोनों आरोपी 2018 से इंडस कंपनी में डीजल फिलिंग का कार्य कर रहे थे, लेकिन 1 फरवरी 2025 को कंपनी ने उन्हें हटा दिया। दोनों आरोपियों ने 14 फरवरी की रात को फौलादपुर सीमा में लगे कंपनी के टावर में आग लगा दी और 26 फरवरी को थाईलैंड भाग गए। थाईलैंड में रहकर भी दोनों ने हार नहीं मानी और 1 मार्च 2025 को अपने साथियों से उसी टावर में फिर से आग लगवा दी। कंपनी प्रबंधन की शिकायत पर दर्ज प्रकरण संख्या 27 और 36 में वांछित दोनों आरोपियों की थाईलैंड से लौटने की सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब है कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।





