ऑपरेशन ‘धरकरभर’: धोरीमन्ना पुलिस ने एक साल से फरार गबन और लूट के आरोपी को दबोचा

  • आरोपी राकेश जाट ने 3 लाख से अधिक का किया था गबन, सेड़वा थाना क्षेत्र में लूट की वारदात में भी था वांछित

जयपुर 3 सितंबर। बाड़मेर जिले की धोरीमन्ना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लूट और गबन के मामले में एक साल से फरार चल रहे कुख्यात आरोपी राकेश जाट पुत्र पपु राम निवासी श्रीमाधोपुर को सीकर से गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान धरकरभर के तहत हुई।
जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस जोधपुर रेंज के निर्देशों पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जसाराम बोस और वृताधिकारी सुखाराम के सुपरविजन एवं धोरीमन्ना थानाधिकारी बगडूराम के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था।
22 जनवरी 2025 को रामस्वरूप यादव ने धोरीमन्ना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी बैंक में कार्यरत फील्ड ऑफिसर राकेश कुमार बगड़िया ने 30 ग्राहकों से 3,08,187 रुपये का कलेक्शन किया, लेकिन यह राशि बैंक में जमा नहीं कराई और फरार हो गया। इसके अलावा यह आरोपी 12 अगस्त 2024 को सेड़वा थाना क्षेत्र के कुंदनपुरा में भारत फाइनेंस के एक कर्मचारी के साथ हुई लूट की घटना में भी वांछित था।
पुलिस टीम ने तकनीकी और खुफिया जानकारी का उपयोग करते हुए एक साल से फरार चल रहे आरोपी राकेश जाट का पता लगाया और उसे सीकर से दबोच लिया। इसकी गिरफ्तारी में सहायक उप-निरीक्षक रावता राम की विशेष भूमिका रही वहीं कांस्टेबल बगड़ू राम टीम सहयोग रहा।
————–