
- प्रतापगढ़ में डबल मर्डर का आरोपी गिरफ्तार, दो अन्य युवक भी हमले में हुए थे घायल
जयपुर 23 अगस्त। आर्थिक तंगी और परिवार वालों के तानों से तंग आकर एक व्यक्ति ने अपने ही भाई और पत्नी की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी प्रेमचंद मीणा पुत्र खलिया (42) निवासी बिल्ली खेड़ा को धमोतर पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परबत सिंह व पुलिस उप अधीक्षक गजेंद्र सिंह राव जैतावत के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई सो धमोतर घीसू लाल की टीम द्वारा की गई। उन्होंने बताया कि 21 अगस्त की सुबह धमोतर पुलिस थाना को सूचना मिली कि गाँव बिल्लीखेड़ा में प्रेमचंद मीणा ने अपने बड़े भाई मुलचंद और अपनी पत्नी सविता की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी है। इस हमले में मुलचंद का बेटा मनीष उर्फ मनोज और प्रेमचंद का अपना बेटा संतोष भी घायल हो गए थे।
सूचना मिलते ही थानाधिकारी घीसूलाल मीणा पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुँचे, जहाँ दो शव पड़े हुए थे। एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए और प्रार्थी दिनेश मीणा की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी प्रेमचंद मीणा को मौके से ही हिरासत में लेकर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह अपनी खराब आर्थिक स्थिति और परिवार वालों के तानों से परेशान होकर इस घटना को अंजाम दिया।
जुर्म स्वीकार करने के बाद आरोपी प्रेमचंद को गिरफ्तार कर लिया गया और उसे न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में थानाधिकारी घीसूलाल मीणा के नेतृत्व में एक टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसमें एसआई भगवानलाल, चौकी प्रभारी गोपीचंद और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
————-